भिलाई.
आज दिनांक 7 नवम्बर 2025 को भिलाई महिला महाविद्यालय, भिलाई में कंप्यूटर विज्ञान विभाग द्वारा IQAC के संयुक्त तत्वावधान में “Introduction to AI and No-Code Automation” विषय पर एक अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी व्याख्यान का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में AI Gangster के संस्थापक श्री अभिनव क्लॉडियस जी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में AI Gangster की कोर टीम के सम्मानित सदस्य राहुल सार्वा जी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती की वंदना एवं आशीर्वाद के साथ किया गया। इसके उपरान्त अतिथियों का स्वागत महाविद्यालय की समृद्ध परंपरा के अनुरूप पौधा भेंट कर किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्या महोदया ने अपने प्रेरक संबोधन में वर्तमान युग में प्रत्येक व्यवसायिक क्षेत्र में AI की बढ़ती अनिवार्यता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भविष्य के हर पेशेवर के लिए AI कौशलों का ज्ञान अत्यंत आवश्यक हो गया है। तत्पश्चात कंप्यूटर विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष सुश्री सलमा मोहम्मद शफी ने मुख्य वक्ता का प्रभावशाली परिचय प्रस्तुत किया।
मुख्य वक्ता श्री अभिनव क्लॉडियस जी ने अत्यंत रोचक, सरल एवं प्रभावशाली भाषा में AI और No-Code Automation के मूल सिद्धांतों, उनके वास्तविक उपयोग तथा भविष्य में इनके बढ़ते महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को यह भी बताया कि आधुनिक AI टूल्स जैसे n8n, ChatGPT, Gemini, LinkedIn आदि का प्रभावी उपयोग किस प्रकार किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने यह भी प्रदर्शित किया कि मिनटों में डेटा व्यवस्थित करना, उच्च गुणवत्ता वाली प्रेजेंटेशन तैयार करना तथा ऑनलाइन डेटा संग्रहण जैसे अनेक कार्य बिना कोडिंग ज्ञान के भी सहजता से संभव हैं।
विशिष्ट अतिथि श्री राहुल सार्वा जी ने छात्रों को यह समझाया कि किस प्रकार वे अपना स्वयं का AI-आधारित ऑनलाइन असिस्टेंट तैयार कर सकते हैं, जो उपयोगकर्ता के डिजिटल क्लोन के रूप में ईमेल उत्तर देने सहित अनेक कार्य स्वतः कर सकता है।
सत्र के दौरान छात्र–छात्राओं ने अत्यंत उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई, प्रश्न पूछे और नई तकनीकों को समझने में गहरी रुचि दिखाई। उनकी सक्रिय भागीदारी ने पूरे व्याख्यान को और अधिक संवादात्मक, प्रभावपूर्ण एवं उपयोगी बनाया। विद्यार्थियों को यह समझने में सहायता मिली कि वे किस प्रकार AI के माध्यम से अपनी कार्यकुशलता बढ़ा सकते हैं तथा नए करियर अवसरों का लाभ उठा सकते हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की उप प्राचार्या डॉ. आशा रानी दास, NAAC समन्वयक डॉ. रूपम अजीत यादव, तथा महाविद्यालय के सभी विभागों के विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापकगण गरिमामयी उपस्थिति रहे।
पूरे कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीप्ति चौहान द्वारा अत्यंत कुशलता एवं गरिमा के साथ किया गया।
यह व्याख्यान न केवल तकनीकी ज्ञान का प्रसार था, बल्कि छात्रों को भविष्य की डिजिटल दुनिया के लिए तैयार करने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ।



