Home छत्तीसगढ़ कला मंदिर में आयोजित अखिल भारतीय हास्य व्यंग्य कवि सम्मेलन में कवियों...

कला मंदिर में आयोजित अखिल भारतीय हास्य व्यंग्य कवि सम्मेलन में कवियों ने हास्य-व्यंग्य की बिखेरी छटा, दर्षकों से खचाखच भरे माहौल में तालियों ने बांधा समा

71
0
Spread the love

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीडा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग तथा राजभाषा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में, होली के अवसर पर सिविक सेंटर स्थित महात्मा गाँधी कला मंदिर में 11 मार्च, 2025 को संध्याकाल अखिल भारतीय हास्य व्यंग्य कवि सम्मेलन का आयोजन संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार के मुख्य आतिथ्य में किया गया। दर्शकों से खचाखच भरे कला मंदिर के आयोजन में राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित और चर्चित कविगण ने अपनी काव्य प्रतिभा से हास्य-व्यंग्य की छटा बिखेर कर इस संध्या को स्मरणीय बना दिया।

कवि सम्मेलन में कार्यपालक निदेशक (खदान) श्री बी के गिरी, कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री संदीप माथुर, मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएं) श्री उन्मेश भारद्वाज, मुख्य महाप्रबंधक (पावर फैसिलिटिस) श्री राजीव पाण्डेय, मुख्य महाप्रबंधक (सिंटर प्लांट) श्री ए के दत्ता सहित संयंत्र के महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारीगण तथा इस्पात नगरी भिलाई के सदस्य भारी संख्या में उपस्थित थे। कवि सम्मेलन के पूर्व उपस्थित अतिथियों ने चारों कवियों का सम्मान किया।

सम्मेलन के प्रारंभ में छत्तीसगढ़ के ख्याति प्राप्त कवि, पद्मश्री सम्मानित श्री सुरेन्द्र दुबे ने आमंत्रित कविगण का परिचय देते हुए अखिल भारतीय हास्य व्यंग्य कवि सम्मेलन का शुभारंभ किया। श्री सुरेन्द्र दुबे ने अपनी रचनाओं के माध्यम से हास्य और व्यंग्य के अभिनव जगत को प्रस्तुत किया। वहीं अपनी मुखर गीतों और हास्य की बानगी के लिए प्रसिद्ध कवयित्री श्रीमती श्वेता सिंह ने अपने हास्य-व्यंग्य व संवेदी कविताओं की छठा बिखेरकर इस्पात बिरादरी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस कवि सम्मेलन को नई दिशा देते हुए प्रयागराज के बहुचर्चित हास्य व्यंग्य कवि श्री श्लेष गौतम ने समकालीन परिदृश्यों पर अपने तीखे और धारदार व्यंग्य तथा हास्य प्रसंगों से संध्या को सराबोर कर दिया। इसी कड़ी में मुंबई के हास्य व्यंग्य कवि श्री रोहित शर्मा अपने निराले अंदाज में जीवन मूल्यों पर आधारित व्यंग्यों की प्रस्तुति देकर जनवृन्द को खूब गुदगुदाया।

होली के पावन पर्व पर भिलाई इस्पात संयंत्र के राजभाषा विभाग और क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग के द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित हास्य व्यंग्य से भरी इस संध्या का भिलाई नगर परिधि के सुधि श्रोताओं ने भरपूर आनंद उठाया। कवि सम्मेलन में दर्शकगण भारी संख्या में उपस्थित थे। कवि सम्मेलन का संचालन श्री सुप्रियो सेन ने किया।

अखिल भारतीय हास्य व्यंग्य कवि सम्मेलन में देश के बहुप्रतिष्ठित और नामचीन कविगण ने तत्कालीन घटनाओं का सूक्ष्म आकलन, भावप्रवणता, संवेदनशीलता, शब्दों का चयन और तथ्यों की मार्मिकता को अपनी विशेष शैली में प्रस्तुत किया और हास्य व्यंग्यों के माध्यम से प्रेम व भाईचारे का संदेश दिया तथा मानवीय संबंधों पर अपनी पैनी शैली का परिचय देते हुए वातावरण को सरस बनाया।

कविगण की हास्य और व्यंग्यात्मक कविताएं दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केन्द्र रही। हास्य व्यंग्य कवि सम्मेलन भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और वर्तमान परिस्थितियों के तनावपूर्ण माहौल में लोगों के जीवन में खुशी और मनोरंजन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता हैं।


Spread the love