Home छत्तीसगढ़ नगर सेवाएँ में राजभाषा कार्यशाला आयोजित

नगर सेवाएँ में राजभाषा कार्यशाला आयोजित

25
0
Spread the love

भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएँ विभाग के सभागार में राजभाषा कार्यशाला का आयोजन मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवाएँ एवं निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व) श्री उत्पल दत्ता के मुख्य आतिथ्य में किया गया।

इस अवसर पर विभाग द्वारा हिंदी में नोटशीट लेखन एवं स्वरचित काव्य पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई, नोटशीट लेखन प्रतियोगिता में सहायक महाप्रबंधक श्री रमेश कुमार गुप्ता ने प्रथम, वरिष्ठ व्याख्याता श्री राजेश कुमार गुप्ता ने द्वितीय तथा व्याख्याता श्री केदारनाथ सोनबेर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रोत्साहन पुरस्कार श्री मुकुंद दास मानिकपुरी, सुश्री वर्चला शर्मा एवं श्री देवानंद चौहान को प्रदान किए गए।   स्वरचित काव्य पाठ प्रतियोगिता में व्याख्याता श्री केदारनाथ सोनबेर ने प्रथम, उप प्रबंधक श्री मुकुंद दास मानिकपुरी ने द्वितीय तथा सहायक महाप्रबंधक श्री पूरन लाल साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रोत्साहन पुरस्कार सुश्री इंदु दुबे, श्री सुखदेव सोनवानी, श्री प्रकाश कुमार बंछोर, श्री राजेश कुमार गुप्ता, डॉ. उपमा शुक्ला एवं सुश्री वर्चला शर्मा को प्रदान किए गए।

मुख्य अतिथि श्री उत्पल दत्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि वैश्विक स्तर पर हिंदी साहित्य एवं संस्कृति अत्यंत ही उत्कृष्ट मानी जाती है। हिंदी में मुहावरों, कहावतों एवं लोकोक्तियों का बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान है, इनसे हमारी अभिव्यक्ति सशक्त एवं प्रभावी होती है। मुहावरों पर आधारित प्रतियोगिताओं से हमारे हिंदी ज्ञान में वृद्धि होती है। हिंदी में कार्य करना हम सब भारतीयों के लिए गर्व की बात है। हिंदी सहित सभी भारतीय भाषाओँ को प्रोत्साहन देना हमारा कर्तव्य है। प्रतियोगिताओं के समस्त विजेताओं को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि, जिन प्रतिभागियों को पुरस्कार नहीं मिला, उन्हें अपने प्रयास तथा प्रतिभागिता जारी रखनी चाहिए, तभी उन्हें बेहतर परिणाम मिलने शुरू होंगे।

उप महाप्रबंधक (नगर सेवाएँ) एवं विभागीय राजभाषा समन्वय अधिकारी श्री यशवंत कुमार साहू ने विभागीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि हमारा शत-प्रतिशत पत्राचार एवं वार्तालाप हिंदी में ही किया जाता है। विभागीय स्तर पर नियमित रूप से हिंदी के विभिन्न आयोजन एवं प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाती हैं व राजभाषा के प्रावधानों के अनुरूप टिप्पण लेखन सहित सभी कार्यालयीन कार्य किए जाते हैं।

इस अवसर पर उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन – राजभाषा) श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने राजभाषा के सांविधिक प्रावधानों की जानकारी दी, ऑनलाइन नोटशीट प्रणाली ‘सैप’ में हिंदी में नोटशीट बनाने का प्रदर्शन किया तथा हिंदी में कार्यालयीन कार्य करने के महत्त्व एवं प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने हिंदी मुहावरों पर आधारित एक अत्यंत ही रोचक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिता का आयोजन किया, प्रतियोगिता में श्री रमेश कुमार गुप्ता ने प्रथम, श्री राजेश कुमार गुप्ता ने द्वितीय तथा श्री देवानंद चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं श्री पूरन लाल साहू, श्री विवेक मिश्रा एवं श्री मुकुंद दास मानिकपुरी ने प्रोत्साहन पुरस्कार प्राप्त किया।

कार्यक्रम में कनिष्ठ प्रबंधक (आवास एवं राजस्व) श्री मनोज कुमार पुरेना व अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित थे। कार्यशाला के आयोजन में अनुभाग अधिकारी (आवास अनुभाग) सुश्री सुलेखा नायक का सक्रिय योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन श्री यशवंत कुमार साहू ने किया तथा श्री मुकुंद दास मानिकपुरी ने आभार प्रदर्शन किया।


Spread the love