Home छत्तीसगढ़ नवीन आंगनबाड़ी भवन: शिक्षा, पोषण और सुरक्षा का संगम

नवीन आंगनबाड़ी भवन: शिक्षा, पोषण और सुरक्षा का संगम

22
0
Spread the love

रायपुर,

मुंगेली जिले के ग्रामीण अंचलों में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अभिशरण से 100 नवीन आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें से 31 भवन पूर्ण हो चुके हैं तथा 69 भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। शेष भवनों को 15 मार्च तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इन नवीन भवनों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में 6 वर्ष तक के बच्चों को बेहतर प्रारंभिक शिक्षा, पोषण आहार एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं भी प्रदान की जाती हैं, जिससे उनके समग्र विकास को सुदृढ़ आधार मिल रहा है।

बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से भवनों की दीवारों पर हिंदी एवं अंग्रेजी वर्णमाला, जीव-जंतु तथा अन्य शैक्षणिक विषयों से संबंधित आकर्षक चित्रों की पेंटिंग कराई गई है। इन चित्रों के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनके मानसिक विकास में सकारात्मक प्रभाव देखा जा रहा है। बेहतर अधोसंरचना के कारण आंगनबाड़ी गतिविधियों के संचालन में सुविधा हुई है तथा बच्चों की नियमित उपस्थिति में भी वृद्धि दर्ज की गई है।

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार का कहना है कि मनरेगा एवं महिला-बाल विकास विभाग के समन्वित प्रयासों से निर्मित ये भवन ग्रामीण बच्चों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। नवनिर्मित आंगनबाड़ी केन्द्रों में आकर्षक शैक्षणिक वातावरण से बच्चों एवं अभिभावकों में उत्साह एवं विश्वास का वातावरण निर्मित हुआ है। यह पहल ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा, पोषण और सुरक्षा को नया आयाब दे रही है।


Spread the love