Home छत्तीसगढ़ बीएसपी इन्फोर्समेंट विभाग द्वारा अवैध कब्जों के विरुद्ध कार्रवाई

बीएसपी इन्फोर्समेंट विभाग द्वारा अवैध कब्जों के विरुद्ध कार्रवाई

10
0
Spread the love

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के इन्फोर्समेंट विभाग द्वारा दिनांक 07 एवं 09 मार्च 2026 को दो दिनों तक अवैध कब्जों के विरुद्ध सघन कार्रवाई करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाया गया।

दिनांक 07 मार्च को सेक्टर–7 क्षेत्र में अवैध रूप से निर्मित गैरेजों एवं शेडों को हटाया गया, जहाँ टेंट, फल एवं केटरिंग व्यवसाय से संबंधित सामग्रियाँ रखकर भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था। कार्रवाई से पूर्व क्षेत्र में सूचना देकर कब्जाधारियों को स्थल खाली करने के लिए सचेत किया गया था। तत्पश्चात अवैध संरचनाओं को हटाते हुए लगभग 2000 वर्गफीट भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

इसी क्रम में दिनांक 09 मार्च को नेवई के पांडेपारा क्षेत्र में ईंटों से बनाए जा रहे तीन अवैध मकानों के ढांचे को ध्वस्त किया गया। साथ ही दो ओर निर्मित बाउंड्री वाल को भी हटाया गया। इस क्षेत्र में लगभग 20,000 वर्गफीट भूमि पर सुनियोजित रूप से अवैध प्लॉटिंग किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई थी। कब्जाधारियों को शेष अवैध निर्माण स्वयं हटाने के लिए आगाह किया गया है, अन्यथा उनके विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान के दौरान नेवई थाना पुलिस बल का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।

यह कार्रवाई मुख्य महाप्रबंधक (नगर प्रशासन एवं सीएसआर) श्री उत्पल दत्ता के मार्गदर्शन तथा सहायक महाप्रबंधक (प्रवर्तन) श्री रेमी थॉमस के नेतृत्व में संपन्न हुई। अभियान में उप प्रबंधक (प्रवर्तन) एवं हिंदी समन्वय अधिकारी श्री मुकुंद दास मानिकपुरी के साथ संपदा निरीक्षक श्री राममूर्ति, श्री रमाकांत यादव, श्री भगवान, श्री बलराम शुक्ला, श्री अजय मिश्रा, श्री कुद्बुद्दीन कुरैशी तथा पुरुष एवं महिला सुरक्षा कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

भिलाई इस्पात संयंत्र प्रशासन द्वारा बीएसपी भूमि पर अवैध कब्जे एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रखने की बात कही गई है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वे बीएसपी भूमि पर अवैध कब्जा कराने वाले तथाकथित बिचौलियों के झांसे में न आएँ, अन्यथा उन्हें आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।


Spread the love