अंबिकापुर.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जनजातीय गौरव दिवस 2025 के उपलक्ष्य में अंबिकापुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम का आयोजन पीजी कॉलेज मैदान में किया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने की। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री जनजातीय कार्य मंत्रालय जुएल ओराम, राज्यमंत्री जनजातीय कार्य मंत्रालय दुर्गा दास उइके, राज्यमंत्री आवास एवं शहरी मंत्रालय तोखन साहू मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मुख्यमंत्री जनजातीय ग्राम अखरा विकास योजना व परंपरागत वैद्यों की सम्मान योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जनजातीय प्रमुखों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय विकास प्रदर्शनी एवं क्राफ्ट मेला लगाया गया। इस दौरान जनजातीय विद्रोहों के नायकों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार के सदस्यों का सम्मान भी किया गया। आयोजन स्थल को जनजातीय संस्कृति से सजाया गया।



