भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन कार्यालय, मिल्स जोन–2 द्वारा रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल में कार्यरत कार्मिकों की पत्नियों के लिए “आप भी जानिए” कार्यक्रम का आयोजन 31 जनवरी 2026 को मानव संसाधन विकास केन्द्र (एच.आर.डी.डी.) में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (आर.एस.एम. एवं आर.टी.एस.) श्री टी. दस्तीदार, महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) श्री जे.एन. ठाकुर, महाप्रबंधक (मानव संसाधन–संकार्य) श्री संजय द्विवेदी तथा उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन–मिल्स एवं एम.एंड एस.) श्री प्रताप शेखर नायक उपस्थित थे।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन–संकार्य) श्री संजय द्विवेदी ने कार्मिकों की पत्नियों का स्वागत करते हुए उनसे अपने जीवनसाथियों को सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाने हेतु निरंतर प्रेरित करने का आह्वान किया।
महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) श्री जे.एन. ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि “आप भी जानिए” कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संयंत्र में कार्यरत कार्मिकों की कार्यस्थलीय परिस्थितियों एवं कार्यप्रणाली से उनकी पत्नियों को अवगत कराना है, जिससे वे कार्य परिवेश को समझते हुए पारिवारिक स्तर पर सहयोग प्रदान कर सकें।
मुख्य महाप्रबंधक (आर.एस.एम. एवं आर.टी.एस.) श्री टी. दस्तीदार ने अपने उद्बोधन में कार्मिकों की पत्नियों से आग्रह किया कि वे अपने जीवनसाथियों को सुरक्षित ढंग से कार्य करने हेतु प्रेरित करें। साथ ही उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ड्यूटी पर जाने और लौटने के समय पारिवारिक वातावरण का शांत एवं तनावरहित होना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
भ्रमण से पूर्व, विभागीय सुरक्षा अधिकारी (रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल) श्री सुनील कुमार शुक्ला द्वारा प्रतिभागियों को आवश्यक सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान की गई। इसके पश्चात् कार्मिकों की पत्नियों को रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल, कोक-ओवन, ब्लास्ट फर्नेस, एस.एम.एस.–3, रोज गार्डन तथा यू.आर.एम. का भ्रमण कराया गया। इस कार्यक्रम में कुल 22 महिलाओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन–मिल्स एवं एम.एंड एस.) श्री प्रताप शेखर नायक द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। साथ ही मानव संसाधन कार्यालय, मिल्स जोन–2 द्वारा प्रतिभागियों से फीडबैक भी प्राप्त किया गया। कार्यक्रम में सम्मिलित कार्मिकों की पत्नियों ने संयंत्र प्रबंधन एवं मानव संसाधन कार्यालय, मिल्स जोन–2 का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की।



