Home खेल 8 फरवरी को “भिलाई स्टील – हाफ मैराथन” का आयोजन; ट्रैफिक प्रबंधन हेतु रूट डायवर्जन एवं संभावित ट्रैफिक...

8 फरवरी को “भिलाई स्टील – हाफ मैराथन” का आयोजन; ट्रैफिक प्रबंधन हेतु रूट डायवर्जन एवं संभावित ट्रैफिक जाम क्षेत्र की सूचना जारी

27
0
Spread the love

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा 08 फरवरी, 2026 (रविवार) को “भिलाई स्टील – हाफ मैराथन” का आयोजन किया जा रहा है। शहीद वीर नारायण सिंह जयंती स्टेडियम से आयोजित होने वाली इस हाफ मैराथन के माध्यम से नागरिकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा फिटनेस को जीवनशैली के रूप में अपनाने का संदेश दिया जाएगा।

इस आयोजन के अंतर्गत 21.09 किलोमीटर, 10 किलोमीटर तथा 5 किलोमीटर की श्रेणियों में दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। हाफ मैराथन (21.09 कि.मी.) का औपचारिक फ्लैग-ऑफ प्रातः 6.00 बजे, 10 किलोमीटर दौड़ का प्रातः 6.30 बजे तथा 5 किलोमीटर दौड़ का प्रातः 6.45 बजे निर्धारित है। सभी श्रेणियों की दौड़ शहीद वीर नारायण सिंह जयंती स्टेडियम से प्रारंभ होकर वहीं समाप्त होंगी।

इस मैराथन के लिए आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से लगभग 3000 धावकों ने पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागी स्वास्थ्य और फिटनेस को जीवन का अभिन्न अंग बनाने के संकल्प के साथ दौड़ में सहभागिता करेंगे। आयोजन के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में कुल ₹8,00,000 (आठ लाख रुपये) की आकर्षक नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

21.09 कि.मी. हाफ मैराथन का मार्ग जयंती स्टेडियम से प्रारंभ होकर इंडियन ऑयल चोपड़ा पेट्रोल पंप से टर्न लेते हुए बीएसपी मेन गेट मार्ग, इक्विपमेंट चौक, रेल चौक सर्कल, रिसाली रोड टर्न पॉइंट, सेक्टर-9 अस्पताल रोड, तालपुरी चौक होते हुए पुनः जयंती स्टेडियम में समाप्त होगा।

10 किलोमीटर दौड़ का मार्ग जयंती स्टेडियम से प्रारंभ होकर जवाहर पार्क सर्कल, सेल परिवार चौक, रेल चौक सर्कल, रिसाली रोड टर्न पॉइंट (भिलाई निवास रोड के समीप), रशियन कॉम्प्लेक्स, रोटरी सर्कल, पंथी चौक सर्कल होते हुए पुनः जयंती स्टेडियम में समाप्त होगा।

वहीँ 5 किलोमीटर दौड़ का मार्ग जयंती स्टेडियम से प्रारंभ होकर फॉरेस्ट एवेन्यू रोड, जवाहर पार्क सर्कल होते हुए 2.5 किलोमीटर के टर्न पॉइंट से वापस जयंती स्टेडियम में समाप्त होगा।

ट्रैफिक प्रबंधन एवं संभावित ट्रैफिक जाम क्षेत्र

मैराथन आयोजन के दौरान प्रतिभागियों की सुरक्षा एवं सुचारु आयोजन को ध्यान में रखते हुए नगर के कुछ मार्गों पर अस्थायी ट्रैफिक नियंत्रण एवं रूट डायवर्जन लागू रहेगा। इस अवधि में निम्नलिखित मार्गों एवं चौराहों पर वाहन आवागमन प्रभावित होने तथा ट्रैफिक जाम की संभावना रहेगी— फॉरेस्ट एवेन्यू रोड पर चोपड़ा पेट्रोल पंप की ओर दायाँ मोड़ एवं यू-टर्न, जवाहर उद्यान चौक, जे.पी. सीमेंट चौक, बोरिया गेट चौक, मेन गेट चौक (फॉरेस्ट एवेन्यू), इक्विपमेंट चौक (सेंट्रल एवेन्यू), बीएसएनएल चौक, भिलाई विद्यालय सेक्टर-02 चौक, आई लव भिलाई चौक सेक्टर-05, सेल परिवार चौक, रेल चौक से भिलाई निवास जंक्शन की ओर बायाँ मोड़ एवं पुनः रेल चौक की ओर यू-टर्न, स्टील क्लब चौक सेक्टर-08, सेक्टर-09 हॉस्पिटल चौक, तालपुरी चौक, पंथी चौक, डीपीएस चौक, चोपड़ा पेट्रोल पंप क्रॉसिंग तथा फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग से जयंती स्टेडियम के पीछे (मरोदा सेक्टर की ओर) जाने वाला मार्ग।

नगरवासियों से अनुरोध है कि वे उक्त मार्गों पर यात्रा करते समय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, यातायात पुलिस एवं आयोजनकर्ताओं द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा आयोजन अवधि में अनावश्यक वाहन आवागमन से बचें। इस दौरान किसी भी तरह की चिकित्सकीय जरूरत के लिए एम्बुलेंस के आवागमन हेतु मार्ग खाली रखकर सहयोग करें । यह व्यवस्था सुबह 6 बजे से 9 15 बजे तक लागू रहेगी।

आयोजन के दौरान ट्रैफिक नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था एवं चिकित्सा सहायता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे प्रतिभागियों एवं नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। भिलाईवासियों से आग्रह है आप सभी इसे भव्य बनायें और शहर को गौरवान्वित करें।


Spread the love