Home छत्तीसगढ़ बीएसपी द्वारा महात्मा गाँधी कला मंदिर में ‘सुमन की आशा’ संगीतमय संध्या का आयोजित

बीएसपी द्वारा महात्मा गाँधी कला मंदिर में ‘सुमन की आशा’ संगीतमय संध्या का आयोजित

3
0

स्व. आशा भोंसले एवं सुमन कल्याणपुर के कालजयी गीतों से सजी सुरमयी शाम

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग के तत्वावधान में 24 जुलाई 2026 को महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर में ‘सुमन की आशा’ संगीतमय संध्या का आयोजन किया गया। पद्मविभूषण स्व. आशा भोंसले एवं पद्मभूषण सुमन कल्याणपुर के कालजयी फिल्मी गीतों पर आधारित इस विशेष संगीत संध्या में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों ने सहभागिता कर यादगार प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार तथा कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने कलाकारों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने भारतीय फिल्म संगीत की दो महान विभूतियों स्व. आशा भोंसले एवं सुमन कल्याणपुर के अमूल्य योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन न केवल समृद्ध संगीत विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का माध्यम हैं, बल्कि भिलाई इस्पात संयंत्र की सांस्कृतिक अभिरुचि एवं कलात्मक परंपरा को भी सशक्त बनाते हैं।

संगीत संध्या में अंचल की सुप्रसिद्ध गायिकाओं अंजलि शुक्ला, गौतमी चक्रवर्ती, सुमीता सरकार, अनुष्का पाण्डेय एवं सोमा कश्यप के साथ चलपति राव एवं जगमोहन ने स्व. आशा भोंसले एवं स्व. सुमन कल्याणपुर के लोकप्रिय एवं कालजयी फिल्मी गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दिया। कार्यक्रम में संगतकारों के रूप में दिलीप शर्मा, रविन्द्र कर्मकार, भगवत साहू, साईं चक्रवर्ती, देवब्रत मजूमदार, सतीश सिन्हा एवं अमित पाल ने अपने उत्कृष्ट वादन से प्रस्तुतियों को और अधिक प्रभावशाली बनाया।

कार्यक्रम का आयोजन उप महाप्रबंधक (क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ) श्री राजेन्द्र प्रसाद के मार्गदर्शन तथा उप प्रबंधक श्री अभिजीत भौमिक के समन्वय में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के संयोजन में विभाग के वरिष्ठ कलाकार प्रभंजय चतुर्वेदी, श्री पी. टी. उल्लास कुमार एवं श्री दुष्यंत हरमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्री सुप्रियो सेन ने किया।

करीब सात दशकों की संगीत यात्रा में स्व. आशा भोंसले एवं स्व. सुमन कल्याणपुर द्वारा स्वरबद्ध किए गए लोकप्रिय एवं सदाबहार गीतों से सजी इस संगीतमय संध्या ने उपस्थित श्रोताओं को भारतीय फिल्म संगीत के स्वर्णिम दौर की यादों से रूबरू कराया। इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के अनेक वरिष्ठ अधिकारी तथा नगर के संगीत प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।