शिवानी ठाकुर की मौत हो गई, जबकि दो युवक और एक युवती घायल
रायपुर.
रायपुर। नया रायपुर से रायपुर लौट रहे चार युवक-युवतियों की कार रविवार देर रात सेरीखेड़ी के पास हादसे का शिकार हो गई। नया रायपुर से सेरीखेड़ी जाने वाले मार्ग पर ओवरब्रिज के ऊपर कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद कार पलट गई। दुर्घटना में कार सवार युवती शिवानी ठाकुर की मौत हो गई, जबकि दो युवक और एक युवती घायल हुए हैं।
कार क्रमांक सीजी 04 एनडब्ल्यू 7718 में चार लोग सवार थे। कार नया रायपुर की ओर से लौट रही थी। सेरीखेड़ी के पास ओवरब्रिज पर पहुंचने के दौरान कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद वाहन डिवाइडर से टकराया और पलट गया। हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा।
दुर्घटना में शिवानी ठाकुर को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं कार में सवार अनंत सोनकर निवासी रामबाग, धमतरी, प्रखर सोनकर निवासी पुरानी बस्ती, रायपुर और सेजल सोनकर निवासी कोटा, रायपुर घायल हुए हैं। तीनों घायलों को एनएचएआई की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस कार की गति, चालक के नियंत्रण और हादसे से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।



