Home छत्तीसगढ़ खड़ी मालगाड़ी से टकराई मेमू लोकल ट्रेन, 6 लोगों की मृत्यु तथा...

खड़ी मालगाड़ी से टकराई मेमू लोकल ट्रेन, 6 लोगों की मृत्यु तथा 5 यात्री घायल, राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ, हेल्पलाइन नंबर जारी

68
0
Spread the love

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक बड़ा रेल हादसा हो गया है। इस दर्दनाक रेल हादसे की खबर ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी। मिली जानकारी अनुसार लाल खदान फाटक के नजदीक खड़ी मालगाड़ी को मेमू लोकल पैसेंजर ट्रेन ने टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि मेमू ट्रेन रायगढ़ दिशा की ओर से आ रही थी। इसी दौरान खड़ी मालगाड़ी को उसने पीछे से टक्कर मार दी। टकराव इतनी भयंकर थी कि मौके पर ही 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा दोपहर लगभग दो बजे घटित हुआ बताया जा रहा है।

हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। रेलवे के अधिकारी – कर्मचारी राहत और बचाव कार्य में जुट गए और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया साथ ही रेस्क्यू टीमों के द्वारा अब तक कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, हादसे के बाद पूरे शहर में सन्नाटा पसरा हुआ है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने जारी किया बुलेटिन

आज बिलासपुर स्टेशन के समीप एक मालगाड़ी एवं मेमू लोकल के डिरेलमेंट की एक अप्रत्याशित घटना घटी । इस घटना में 6 व्यक्तियों की मृत्यु (casualties) तथा 5 यात्री घायल हुए हैं, जिनका समुचित उपचार नजदीकी अस्पतालों में कराया जा रहा है ।

अनुग्रह राशि की घोषणा

प्रभावित व्यक्तियों के लिए निम्न अनुग्रह राशि की घोषणा की गई है, मृतकों (casualties) के परिजनों को ₹10 लाख, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ₹5 लाख तथा सामान्य रूप से घायल यात्रियों को ₹1 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाएगी ।

रेल प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दिए गए हैं । रेलवे के वरिष्ठगण अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं तथा घायलों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है । रेलवे प्रशासन प्रभावित यात्रियों को हरसंभव सहायता एवं समन्वय प्रदान कर रहा है ।

हेल्पलाइन नंबर जारी

यात्रियों एवं उनके परिजनों की सुविधा हेतु निम्न हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं —

*आपातकालीन संपर्क:*

• बिलासपुर – 7777857335, 7869953330

• चांपा – 8085956528

• रायगढ़ – 9752485600

• पेंड्रा रोड – 8294730162

• कोरबा – 7869953330

• उसलापुर – 7777857338

यात्री एवं उनके परिजन इन नंबरों पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं । रेल प्रशासन स्थिति पर निरंतर नजर रखे हुए है और समुचित राहत, बचाव एवं सहायता सुनिश्चित कर रहा है ।

रेलवे और प्रशासन की टीमें तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई हैं। घायलों के उपचार के लिए सभी आवश्यक संसाधन और चिकित्सा सहायता सुनिश्चित की जा रही है। राज्य सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर रख रही है।


Spread the love