भिलाई। खुर्सीपार क्षेत्र में मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाताओं का नाम जोड़ने व काटने के संबंध में आवेदन जमा लेने वाले बीएलओ के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। खुर्सीपार पुलिस ने इस मामले में आरोपित जावेद के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। वहीं इस घटना के बाद बीएलओ की ड्यूटी करने वाले शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर अन्य शिक्षकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। घटना शाम चार बजे से आसपास होना बताया जा रहा है।एसआईआर में बीएलओ रूपेश कुमार जोशी की ड्यूटी भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-65 में लगी हुई है। वे मतदाता सूची के भाग संख्या 117 का पुनरीक्षण कार्य देख रहे हैं। खुर्सीपार पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक आरोपित जावेद शराब के नशे में धुत था और उसने बीएलओ की ड्यूटी कर रहे शिक्षक रूपेश कुमार जोशी के साथ मारपीट कर दी। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम और खुर्सीपार थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।



