Home छत्तीसगढ़ सुशासन तिहार 2026: प्रभारी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने तैयारियों की समीक्षा...

सुशासन तिहार 2026: प्रभारी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने तैयारियों की समीक्षा की

8
0
Spread the love

जांजगीर-चांपा जिले में “सुशासन तिहार 2026” के प्रभावी संचालन को लेकर वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जनसमस्या निवारण शिविरों के संचालन, प्राप्त आवेदनों के निराकरण, विभागीय समन्वय एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति पर चर्चा की गई।

प्रभारी मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध निराकरण किया जाए। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का विभागवार वर्गीकरण कर नियमित मॉनिटरिंग करने तथा लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने यह भी कहा कि जहां संभव हो, समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाए ताकि नागरिकों को तत्काल राहत मिल सके। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप शासन की योजनाओं का लाभ गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

प्रभारी मंत्री ने राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन एवं त्रुटि सुधार जैसे लंबित मामलों को प्राथमिकता से सुलझाने पर जोर दिया। साथ ही, कृषि विभाग को निर्देशित किया कि किसानों को उन्नत एवं लाभकारी फसलों के लिए प्रेरित करते हुए उन्हें विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाया जाए, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।
बैठक में कलेक्टर ने जिले में सुशासन तिहार के तहत की जा रही तैयारियों, आयोजित शिविरों, प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक में कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here