पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस समय भूचाल आया हुआ है. तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी आखिरकार भारी ड्रामे के बीच कोलकाता के अलीपुर स्थित सीआईडी (CID) मुख्यालय भवानी भवन पहुंच चुके हैं. पिछले तीन समन को बीमारी और दिल्ली के दौरों का हवाला देकर टालने वाले अभिषेक बनर्जी को कलकत्ता हाईकोर्ट ने कड़ा निर्देश दिया था कि उन्हें शाम 6 बजे से पहले सीआईडी के सामने पेश होना ही होगा. अदालत के इसी आदेश का पालन करते हुए अभिषेक बनर्जी करीब 5 बजकर 50 मिनट पर, यानी डेडलाइन से ठीक 10 मिनट पहले भवानी भवन के भीतर दाखिल हुए, जहां अधिकारियों ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी है.
लेकिन भवानी भवन पहुंचने से ठीक पहले कोलकाता एयरपोर्ट पर जो कुछ भी हुआ, उसने बंगाल की कानून व्यवस्था और टीएमसी के भीतर मची रार को सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया. अभिषेक बनर्जी जैसे ही कोलकाता एयरपोर्ट पर पहुंचे, उनके खिलाफ ‘सिग्नेचर चोर-सिग्नेचर चोर’ के नारे लगने लगे. एयरपोर्ट पर उनके साथ धक्कामुक्की भी हुई. किसी तरह सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें एयरपोर्ट से बाहर गाड़ी में बैठाया.



