अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने व्यापक तबाही मचा दी है. केयी पान्योर जिले में बुधवार सुबह अचानक आई फ्लैश फ्लड और भूस्खलन (Landslide) की घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग अब भी लापता हैं. इस आपदा में 17 लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. भारी बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में सड़क संपर्क भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है और कई यात्री रास्तों में फंस गए हैं. लापता लोगों की तलाश की जा रही है.
अधिकारियों के मुताबिक, केयी पान्योर जिले के याजाली सर्कल के तहत पूसा के पास स्थित NEEPCO प्रोजेक्ट कॉलोनी में तड़के अचानक आई बाढ़ ने सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया. अरुणाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश से आई आपदा के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान विवेकानंद केंद्र विद्यालय (VKV), NEEPCO कैंपस, याजाली की शिक्षिका 35 वर्षीय निर्मला गुप्ता का शव बरामद किया गया. वह उन पांच लोगों में शामिल थीं, जो बाढ़ के बाद लापता हो गए थे. शेष चार लापता लोगों की पहचान एलेश मारक (13), बलारी मारक (30), ताओ अंजिना (46) और सौरव कुमार के रूप में हुई है. जिला प्रशासन ने बताया कि बुधवार के लिए तलाशी अभियान रोक दिया गया है और इसे गुरुवार सुबह फिर से शुरू किया जाएगा.
50 घरों को नुकसान पहुंचने का अंदेशा
राज्य आपदा प्रबंधन सचिव दानी सुलू ने बताया कि लगातार बारिश के चलते निर्माणाधीन रिटेनिंग वॉल ढह गई, जिससे कॉलोनी और आसपास के निचले रिहायशी इलाकों में अचानक पानी भर गया. इस हादसे में कम से कम 18 मकानों को नुकसान पहुंचा है. हालांकि कुछ स्थानीय रिपोर्टों में 50 से अधिक घरों के बहने या प्रभावित होने की बात भी कही गई है. घायलों में से तीन की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें इलाज के लिए लोअर सुबनसिरी जिले के जीरो भेजा गया है. इस बीच, जिला पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) ने बचाव अभियान के दौरान याजाली रिजर्वायर से बिशु सिन्हा नामक व्यक्ति को सुरक्षित निकाला. वहीं, नेशनल हाईवे-13 के प्रभावित हिस्से से भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) के एक वैज्ञानिक को भी रेस्क्यू किया गया.



