Home छत्तीसगढ़ भिलाई में स्क्रैप चोरी के बड़े रैकेट का भंडाफोड़,दो बीएसपी अफसर गिरफ्तार

भिलाई में स्क्रैप चोरी के बड़े रैकेट का भंडाफोड़,दो बीएसपी अफसर गिरफ्तार

8
0
Spread the love

अब तक 15 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
3 करोड़ 22 लाख की संपत्ति जब्त

दुर्ग/भिलाई.
भिलाई स्टील प्लांट से संगठित रूप से लौह स्क्रैप चोरी का मामला अब अधिकारियों तक पहुंच गया है। थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने इस रैकेट में संलिप्त आईएमएस-3 के जीएम हिमांशु भूषण मलिक और एजीएम मनोज कुमार देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। जांच में सामने आया है कि अफसरों की मिलीभगत से ही पिछले 4-5 महीने से बीएसपी का स्क्रैप व्यवस्थित तरीके से चोरी कर बेचा जा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी फ्लू डस्ट परिवहन के दौरान बीएसपी से लौह स्क्रैप चोरी कर उसे बाहर खपाते थे। 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स, प्लॉट क्रमांक-18, एच.आई.ए. हथखोज में छापा मारा गया।
यहां हाईवा-ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री भरी मिली। गोदाम में अलग-अलग ढेरों में बड़ी मात्रा में स्क्रैप रखा था। जांच में पता चला कि आरोपी पिछले 4-5 माह से इसी तरीके से चोरी कर रहे थे। मौके से लगभग 250 टन लौह सामग्री जब्त की गई। साथ ही स्क्रैप लोडिंग में लगे हाईवा, ट्रक, जेसीबी, हाईड्रा और 5 मशीनें भी सीज की गईं।
विवेचना के दौरान पूर्व में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। अब जीएम हिमांशु भूषण मलिक, और एजीएम मनोज कुमार देवांगन की गिरफ्तारी के बाद कुल संख्या 15 हो गई है।
प्रकरण में अब तक लगभग 90 लाख रुपये का लौह स्क्रैप और वाहनों सहित कुल 3 करोड़ 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
दुर्ग पुलिस ने साफ किया है कि संगठित चोरी और अवैध कारोबार में लिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। थाना पुरानी भिलाई की टीम और तकनीकी सहयोग से यह कार्रवाई संभव हुई। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चोरी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत दें।


Spread the love