आयुक्त ने ली कमिश्नरों की बैठक, हर दिन 1 करोड़ 62 लाख रुपए जुटाने का दिया निर्देश
रायपुर.
रायपुर नगर निगम ने अगले 77 दिनों में 125 करोड़ रुपए की राजस्व वसूली का लक्ष्य तय किया है।इसे लेकर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने शुक्रवार को सभी जोन कमिश्नरों और विभागीय अधिकारियों की बैठक ली।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर दिन 1 करोड़ 62 लाख रुपए की वसूली सुनिश्चित की जाए।
इसके लिए सभी जोनों के अधिकारियों और राजस्व कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। वार्डवार दैनिक और साप्ताहिक लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अवैध नल कनेक्शनों को नियमित करने के लिए विशेष अभियान चलाने का भी फैसला लिया गया।
आयुक्त ने कहा कि सभी जोन अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध जल कनेक्शनों की पहचान करें और उन्हें निगम के रिकॉर्ड में नियमित कराएं। लोगों को नियमितीकरण की प्रक्रिया की जानकारी देने और स्वेच्छा से आवेदन करने के लिए भी प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने अवैध प्लॉटिंग और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और अवैध निर्माण पर प्रभावी रोक लगाई जाए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन 1100 और कलेक्टर कॉल सेंटर में लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की गई।अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जाए और उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही प्लेसमेंट कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
मानसून को देखते हुए अधिक से अधिक भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग लागू कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने, निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट लगाने और सीएंडडी वेस्ट के बेहतर प्रबंधन के निर्देश भी दिए गए।बैठक में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की समीक्षा के साथ निगम की आय बढ़ाने और शहर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।बैठक में अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा, विनोद पाण्डेय, मुख्य अभियंता संजय बागड़े, नगर निवेशक आभास मिश्रा सहित सभी जोन कमिश्नर और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।



