Home छत्तीसगढ़ उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय कार्य निष्पादन के लिए यूनिवर्सल रेल मिल के चार...

उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय कार्य निष्पादन के लिए यूनिवर्सल रेल मिल के चार कार्मिक कर्म शिरोमणि पुरस्कार से सम्मानित

9
0

भिलाई इस्पात संयंत्र के यूनिवर्सल रेल मिल में शिरोमणि पुरस्कार योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय कार्य निष्पादन के लिए चार कर्मियों श्री संजय पवार, श्री अशोक कुमार देवांगन, श्री पवन कुमार झा एवं श्री नितेश डबास को शिरोमणि पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार अपने कार्यक्षेत्र में नवाचार, संसाधनों के बेहतर उपयोग, संगठनात्मक उद्देश्यों की प्राप्ति तथा सुरक्षा मानकों के अनुरूप उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले कर्मठ एवं सृजनशील कार्मिकों को प्रोत्साहित करने और उनके योगदान को विशेष पहचान प्रदान करने के उद्देश्य से दिया जाता है।

पुरस्कार समारोह में महाप्रबंधक (यूनिवर्सल रेल मिल) श्री एस. के. ओसवाल ने चयनित कार्मिकों को स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र, उनके जीवनसाथी हेतु प्रशंसा-पत्र तथा मिठाई का कूपन देकर सम्मानित किया गया। श्री ओसवाल ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले कार्मिकों को बधाई देते हुए उनके कार्य के प्रति समर्पण, कर्मठता एवं उल्लेखनीय योगदान की सराहना की तथा उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मियों ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि शिरोमणि पुरस्कार जैसे सम्मान से उनका मनोबल बढ़ा है और उन्हें अपने कार्यक्षेत्र में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने इस सम्मान के लिए प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।

समारोह में महाप्रबंधक श्री जूड फ्रांसिस, श्री भास्कर राय, श्री पंकज कुरील, श्री अजय कुमार, श्री बी. एन. मुखर्जी एवं श्री आर. के. पुरोहित सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी श्री बहोरन लाल साहू ने किया। सहायक प्रबंधक श्री इतवारी राम चेलक ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्रीमती लक्ष्मीदेवी साहू एवं श्री भुवन लाल साहू का विशेष सहयोग रहा।

भिलाई इस्पात संयंत्र में शिरोमणि पुरस्कार योजना का उद्देश्य कार्यस्थल पर उत्कृष्टता, सुरक्षा, उत्पादकता, गुणवत्ता, अनुशासन एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। ऐसे सम्मान कर्मियों के योगदान को पहचान देने के साथ-साथ अन्य कर्मचारियों को भी नवाचार, सुरक्षित कार्यप्रणाली और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। विशेष रूप से इस्पात उत्पादन जैसे उच्च जोखिम एवं तकनीकी रूप से महत्वपूर्ण कार्यक्षेत्र में सुरक्षित कार्य व्यवहार और टीमवर्क को प्रोत्साहित करना संयंत्र की कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।