इंदौर/बिलासपुर
इंदौर से बिलासपुर जाने वाले यात्री नर्मदा एक्सप्रेस से यात्रा कर पहुंचते हैं। यह ट्रेन लंबा रूट और ज्यादा समय में यात्रियों को बिलासपुर पहुंचाती है। लेकिन अब इंदौर-नागपुर वंदे भारत को बिलासपुर तक चलाने की तैयारी की जा रही है।
रेलवे बोर्ड को इसके लिए प्रस्ताव भेजा गया है, अगर यह स्वीकार कर लिया गया तो इंदौर से यात्री एक दिन में ही बिलासपुर पहुंच सकेंगे। अभी तक वंदे भारत ट्रेन इंदौर से नागपुर के बीच चलती है। ऐसे में यात्री इससे नागपुर पहुंचकर बिलासपुर के लिए दूसरी ट्रेन से जाते हैं।इंदौर और बिलासपुर के बीच अगर वंदे भारत ट्रेन शुरू हो गई तो यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे यात्री कम समय में ही एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंच सकेंगे। लंबे समय से इन दो शहरों के बीच नई ट्रेन शुरू करने की मांग की जाती रही है।
रेलवे बोर्ड को जो प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है, उसके अनुसार इंदौर से वंदे भारत सुबह 6.10 पर रवाना होगी और दोपहर 2 बजे तक नागपुर पहुंचेगी। इसके बाद वहां से दुर्ग होते हुए शाम 7.25 तक बिलासपुर पहुंचेगी। वहीं बिलासपुर से इंदौर आने वाली वंदे भारत वहां से 6:45 पर रवाना होगी और नागपुर होते हुए रात साढ़े आठ बजे तक इंदौर पहुंचेगी।



