रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता अभी बनी हुई है। उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से प्रदेश में अगले 24 घंटे तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।शनिवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग (IMD Weather Update) ने रविवार को कुछ स्थानों पर बारिश के साथ एक-दो जगह गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र शनिवार को सक्रिय रहा। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अगले दो दिनों में पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।



