Home छत्तीसगढ़ प्रतिष्ठित वर्ल्ड सर्कुलर इकोनॉमी फोरम 2026 में सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र ने प्रदर्शित...

प्रतिष्ठित वर्ल्ड सर्कुलर इकोनॉमी फोरम 2026 में सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र ने प्रदर्शित की अपनी सर्कुलर इकोनॉमी पहल

4
0

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र ने 15 एवं 16 सितंबर 2026 को गुजरात के गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर कन्वेंशन एवं एक्जीबिशन सेंटर में आयोजित प्रतिष्ठित वर्ल्ड सर्कुलर इकोनॉमी फोरम (WCEF) 2026 में अपनी अभिनव सर्कुलर इकोनॉमी पहलों का प्रदर्शन किया।

भारत द्वारा पहली बार आयोजित किए गए WCEF 2026 ने नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधियों, विशेषज्ञों, नवोन्मेषकों एवं अन्य हितधारकों को एक प्रतिष्ठित वैश्विक मंच प्रदान किया, जहां सर्कुलर इकोनॉमी की दिशा में परिवर्तन को गति देने के उपायों एवं संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। 15 सितंबर को गुजरात के मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री द्वारा उद्घाटित यह आयोजन 16 सितंबर को विभिन्न विषयगत चर्चाओं एवं संवाद के साथ संपन्न हुआ।

भिलाई इस्पात संयंत्र को इस प्रतिष्ठित आयोजन में चयनित संस्थानों में शामिल किया गया, जिन्हें प्रदर्शनी में स्टॉल लगाने का अवसर प्रदान किया गया। इस मंच के माध्यम से बीएसपी को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के समक्ष अपनी पर्यावरणीय एवं सर्कुलर इकोनॉमी से जुड़ी पहलों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।

बीएसपी के स्टॉल में संयंत्र के सर्कुलर इकोनॉमी इकोसिस्टम को प्रदर्शित किया गया, जिसमें संसाधनों के बेहतर उपयोग, अपशिष्ट में कमी, पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण से संबंधित विभिन्न पहलों को दर्शाया गया।

बीएसपी के स्टॉल का प्रमुख आकर्षण उसके पॉलीक्लोरीनेटेड बाइफिनाइल (पीसीबी) ट्रीटमेंट प्लांट का मॉडल रहा। मॉडल के माध्यम से पीसीबी युक्त ट्रांसफॉर्मर ऑयल के सुरक्षित उपचार एवं निपटान के लिए बीएसपी द्वारा की गई अभिनव पहल को प्रदर्शित किया गया। यह पहल हानिकारक पदार्थों के समुचित प्रबंधन, सुरक्षित निपटान एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति संयंत्र की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। इस पहल ने आगंतुकों एवं प्रतिनिधियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया तथा इसे सतत औद्योगिक कार्यप्रणालियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण के रूप में सराहा गया।

WCEF 2026 में भिलाई इस्पात संयंत्र की ओर से महाप्रबंधक प्रभारी (पर्यावरण प्रबंधन) श्रीमती उमा कटोच, उप महाप्रबंधक (पर्यावरण प्रबंधन) सुश्री बी. अनुराधा एवं उप प्रबंधक (जनसंपर्क) सुश्री शालिनी चौरसिया ने सहभागिता की तथा संयंत्र की सर्कुलर इकोनॉमी पहलों को प्रदर्शित किया।

बीएसपी के स्टॉल ने भारत सहित विभिन्न देशों से आए हजारों आगंतुकों को आकर्षित किया। इनमें विदेशी प्रतिनिधि, अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ, उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधि, नीति-निर्माता, शोधकर्ता एवं अन्य प्रतिभागी शामिल रहे। विदेशी प्रतिनिधियों एवं अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों ने बीएसपी की सर्कुलर इकोनॉमी पहलों में विशेष रुचि दिखाई। स्टॉल पर प्रदर्शित पीसीबी ट्रीटमेंट प्लांट का मॉडल प्रमुख आकर्षण के रूप में उभरा। बीएसपी की पहलों को बड़े औद्योगिक परिवेश में सर्कुलर इकोनॉमी के सिद्धांतों के व्यावहारिक अनुप्रयोग के लिए सराहा गया।

WCEF 2026 में बीएसपी की भागीदारी ने उसके अभिनव पर्यावरणीय प्रयासों, सर्कुलर इकोनॉमी की कार्यप्रणालियों एवं प्रौद्योगिकी आधारित स्थायित्व पहलों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। इस दौरान सर्कुलर इकोनॉमी के क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न संस्थानों एवं विशेषज्ञों के साथ संवाद और ज्ञान के आदान-प्रदान का अवसर भी प्राप्त हुआ।

WCEF 2026 में बीएसपी की सहभागिता सतत उत्पादन, संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग, पर्यावरण संरक्षण तथा एक सर्कुलर औद्योगिक इकोसिस्टम के लिए अभिनव समाधानों के प्रति संयंत्र की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करती है तथा संसाधन-कुशल एवं सतत औद्योगिक विकास की दिशा में देश के प्रयासों में योगदान को रेखांकित करती है।