सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से शासकीय योजनाओं और सेवाओं को नागरिकों के और करीब पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत कुटराबोड़ स्थित डीएव्ही स्कूल ग्राउंड में विशेष सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को शासकीय सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
शिविर में आजीविका और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर रहा। आजीविका ऋण मेले के अंतर्गत कुल 227 प्रकरणों में 9.39 करोड़ रुपये की राशि का वितरण किया गया, जबकि 162 प्रकरणों में 8.70 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई। इसके साथ ही 86 प्रकरणों में 2.71 करोड़ रुपये की राशि प्रेषित की गई। कार्यक्रम में 20 नई लखपति दीदियों को सम्मानित कर स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
एक ही परिसर में मिली अनेक विभागों की सेवाएं
सेवा सेतु शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं, पात्रता और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी गई। जनप्रतिनिधियों, अतिथियों एवं अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। पात्र हितग्राहियों से योजनाओं की जानकारी लेकर अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई।
शिविर में अन्नप्राशन कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के पोषण एवं स्वस्थ विकास का संदेश दिया गया। दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल एवं सहायक उपकरण प्रदान किए गए। राजस्व विभाग द्वारा जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वामित्व योजना के हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख तथा पात्र हितग्राहियों को जॉब कार्ड भी प्रदान किए गए।
श्रमिकों से लेकर किसानों तक को मिला योजनाओं का लाभ
निर्माण श्रमिकों एवं असंगठित कर्मकारों के लिए संचालित मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, असंगठित कर्मकार मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना और मिनीमाता महतारी जतन योजना सहित विभिन्न योजनाओं में पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया गया।
स्वरोजगार को बढ़ावा, समूहों और उद्यमियों को मिला ऋण
बिहान योजना के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों के 58 प्रकरणों में 1.29 करोड़ रुपये की ऋण स्वीकृति दी गई तथा 86 प्रकरणों में 2.72 करोड़ रुपये का वितरण किया गया। मुद्रा ऋण के अंतर्गत 6 प्रकरणों में 6 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई और 2 प्रकरणों में 2 लाख रुपये का वितरण किया गया। महिला उद्यमी ऋण के अंतर्गत 26 प्रकरणों में 26 लाख रुपये की राशि वितरित की गई। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के एक क्लेम में 2 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।
हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं वितरण के चेक प्रदान करने के साथ स्वरोजगार और आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हितग्राहीमूलक सामग्री भी वितरित की गई।
शिविर में ही स्वास्थ्य जांच और परामर्श की सुविधा
स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर स्थल पर पोर्टेबल एक्स-रे, एनसीडी जांच एवं नेत्र परीक्षण सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मौके पर जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव श्री अम्बेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता मिरी, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
05, 06 और 08 अक्टूबर को भी लगेंगे सेवा सेतु शिविर
सेवा सेतु अभियान के तहत आगामी 05 अक्टूबर को बलौदा के अटल समरसता भवन जावलपुर, 06 अक्टूबर को नवागढ़ के ग्राम पंचायत सेमरा स्थित हाई स्कूल परिसर तथा 08 अक्टूबर को बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत पोड़ीशंकर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला बाजार चौक में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।



