राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमतों में शुक्रवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही और यह 2,500 रुपये टूटकर 1,40,900 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। दिवाली के बाद मांग में कमी और वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के कारण सोने की कीमतों में गिरावट आई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना बृहस्पतिवार के 1,43,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) से 2,500 रुपये गिरकर शुक्रवार को 1,40,900 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।
चांदी की कीमतों में भी पिछले सत्र में स्थिर रहने के बाद फिर गिरावट आई। चांदी 3,500 रुपये टूटकर 1,84,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 1,87,500 रुपये प्रति किलोग्राम था। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, घरेलू बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमतों पर दबाव बना रहा।
इसका कारण वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेत और दिवाली के त्योहार के बाद खुदरा मांग में कमी है। जियोटस डॉट कॉम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विक्रम सुब्बुराज के अनुसार, अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड पर प्रतिफल में वृद्धि और डॉलर के मजबूत होने से चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि चांदी की कीमतों में सोने के मुकाबले अधिक गिरावट से पता चलता है कि निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता और औद्योगिक मांग की उम्मीदों में बदलाव का इस पर ज्यादा असर पड़ता है।


