रायपुर.
छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने के बाद एक बार फिर बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से राज्य में आगामी 20 और 21 नवंबर को मौसम करवट लेगा। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, इस सिस्टम के असर से राज्य के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। हालांकि, अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश में किसी प्रकार की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम-मध्य क्षेत्र में सक्रिय चक्रवाती तूफान लगातार उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। संभावना है कि यह तूफान 20 नवंबर की दोपहर नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके को पार करेगा। तट से टकराते समय वहां हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी, जिसकी गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसी समुद्री हलचल के कारण छत्तीसगढ़ की ओर नमी युक्त हवाएं आ रही हैं, जिससे बारिश की स्थिति बनेगी।वर्तमान में प्रदेश का मौसम साफ और शुष्क रहने के कारण रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मंगलवार को राज्य के आठ जिलों में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। सबसे अधिक ठंड उत्तरी छत्तीसगढ़ में महसूस की जा रही है, जहां बलरामपुर-रामानुजगंज में न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री और सरगुजा (अंबिकापुर) में 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा गरियाबंद में 14.2, बालोद में 14.9, धमतरी में 15.3, बेमेतरा में 15.5, दुर्ग में 15.6 और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा।



