Home छत्तीसगढ़ भिलाई में ‘डॉ. येसुदास नाइट’ का भव्य आयोजन, सदाबहार गीतों ने बांधा...

भिलाई में ‘डॉ. येसुदास नाइट’ का भव्य आयोजन, सदाबहार गीतों ने बांधा समां

2
0

पद्मविभूषण डॉ. के.जे. येसुदास के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग द्वारा 18 नवंबर 2026 को महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर, भिलाई में पद्मविभूषण डॉ. के.जे. येसुदास को समर्पित ‘डॉ. येसुदास नाइट’ का भव्य आयोजन किया गया। सदाबहार फिल्मी गीतों और सुरीली प्रस्तुतियों से सजी इस संगीतमय संध्या में कलाकारों ने अपनी गायन एवं वादन कला से उपस्थित संगीत प्रेमियों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री प्रशांत ओझा, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन- क्रीडा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं) श्री राजेंद्र प्रसाद तथा महाप्रबंधक (मार्स) श्री एन.के. बंछोर सहित संयंत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में भिलाई के संगीत प्रेमियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

इस विशेष संगीतमय आयोजन में भिलाई इस्पात संयंत्र के ख्यातिलब्ध गायक श्री पी.टी. उल्लास कुमार ने डॉ. येसुदास के सदाबहार एवं लोकप्रिय फिल्मी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं, मुंबई से विशेष रूप से आमंत्रित राष्ट्रीय स्तर की गायिका सुश्री शाहीन ने अपनी मधुर आवाज और भावपूर्ण गायन से कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

सहगायिकाओं सुश्री अनुष्का, सुश्री मधुरिमा रे एवं सुश्री तान्या समद्दार ने भी डॉ. येसुदास के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियों से संध्या को और यादगार बनाया। वाद्य संगीत में तबले पर श्री रविन्द्र कर्मकार, की-बोर्ड पर श्री साईं चक्रवर्ती, श्री बालसुब्रमण्यम एवं श्री मिलाप, ढोलक पर श्री भगवत साहू, ऑक्टोपैड पर श्री देवव्रत मजूमदार, गिटार पर श्री आशुतोष तथा बांसुरी पर श्री सतीश सिन्हा ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। सभी वाद्य कलाकारों की सुमधुर संगत ने गीतों की मधुरता, गायकों की प्रस्तुतियों को और निखारते हुए गायन प्रस्तुतियों को और भी प्रभावशाली बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन श्री सुप्रियो सेन ने किया। निःशुल्क प्रवेश वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों ने सहभागिता की और डॉ. येसुदास के लोकप्रिय गीतों का आनंद लिया। डॉ. के.जे. येसुदास के चुनिंदा गीतों की प्रस्तुतियों ने उनकी विशिष्ट गायन शैली और भारतीय संगीत जगत में उनके अतुलनीय योगदान की स्मृतियों को एक बार फिर जीवंत कर दिया।