
केंद्र सरकार ने तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा को लुटियंस दिल्ली के प्रतिष्ठित इलाके में एक बंगला आवंटित किया है। यह बंगला ‘गादेन फोड्रंग ट्रस्ट’ को दिया गया है, जो दलाई लामा के कार्यालय का प्रबंधन करता है और उनकी आध्यात्मिक व मानवीय गतिविधियों की देखरेख करता है। यह बंगला राष्ट्रीय राजधानी में पंडित रवि शंकर शुक्ल लेन पर स्थित है। यह आवंटन विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुरोध पर किया गया है, हालांकि केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने अभी तक इस फैसले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। इस कदम से दलाई लामा का कार्यालय लुटियंस दिल्ली के उस इलाके में आ गया है, जहां कई प्रमुख सरकारी संस्थान और आधिकारिक आवास मौजूद हैं।बंगला तीन साल के लिए आवंटित, आगे बढ़ाया जा सकता है
सूत्रों के अनुसार, यह आवास सामान्य सरकारी व्यवस्था के तहत आवंटित किया गया है, जो आमतौर पर तीन साल के लिए मान्य होती है। लागू नियमों के अनुसार, इस अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकता है। यह आवंटन सीधे आध्यात्मिक गुरु के नाम पर न होकर, ‘गाडेन फोड्रंग ट्रस्ट’ के नाम पर किया गया है। यह ट्रस्ट दलाई लामा के संस्थागत कार्यालय के रूप में काम करता है और उनके कार्यों में सहयोग देने के साथ-साथ उनसे जुड़ी संस्था को संरक्षित रखने की जिम्मेदारी निभाता है।इस बीच, मंगलवार को निर्वासित तिब्बती संसद के सदस्यों ने 14वें दलाई लामा और उनके निजी कार्यालय के लिए लुटियंस दिल्ली में ‘टाइप 7’ बंगला आवंटित करने पर भारत सरकार का आभार जताया। उन्होंने इस कदम को तिब्बती आध्यात्मिक नेता और तिब्बती समुदाय के प्रति समर्थन का एक महत्वपूर्ण संकेत बताया।


