Home छत्तीसगढ़ बीएसपी के प्लांट गैरेज में नए आरटी क्रेन, मैन लिफ्टर एवं पैसेंजर वैन...

बीएसपी के प्लांट गैरेज में नए आरटी क्रेन, मैन लिफ्टर एवं पैसेंजर वैन का निदेशक प्रभारी ने किया उद्घाटन

4
0

भिलाई इस्पात संयंत्र के प्लांट गैरेज ने अपने उपकरण बेड़े का विस्तार करते हुए तीन नए आरटी क्रेन, एक मैन लिफ्टर तथा एक टाटा विंगर पैसेंजर वैन को शामिल किया है। 17 अगस्त 2026 को प्लांट गैरेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्तरंजन महापात्र ने इन उपकरणों का उद्घाटन कर संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों को औपचारिक रूप से सौंपा।

इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री प्रबीर कुमार सरकार,कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (माइंस) श्री कमल भास्कर, कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार एवं मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एमएंडयू) श्री बी. के. बेहेरा सहित प्लांट गैरेज के अन्य मुख्य महाप्रबंधक, महाप्रबंधक तथा वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्लांट गैरेज हेतु 75 टन एवं 40 टन क्षमता के दो आरटी क्रेन, कोकओवन हेतु 40 टन क्षमता का एक आरटी क्रेन, सीईडी हेतु एक मैन लिफ्टर तथा पर्यावरण प्रबंधन विभाग हेतु एक टाटा विंगर पैसेंजर वैन शामिल हैं। इन आधुनिक उपकरणों के शामिल होने से प्लांट गैरेज, कोकओवन, सीईडी तथा पर्यावरण प्रबंधन विभाग की परिचालन एवं रखरखाव संबंधी आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा करने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर निदेशक प्रभारी श्री चित्तरंजन महापात्र ने प्लांट गैरेज बिरादरी को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक उपकरणों का समावेश संयंत्र में सुरक्षा, दक्षता एवं उत्पादकता को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। बीएस6 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप ये नए उपकरण सामग्री प्रबंधन एवं रखरखाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ पर्यावरण प्रबंधन को सुदृढ़ करते हुए सुरक्षित एवं सतत परिचालन में योगदान देंगे। श्री महापात्र ने प्रोजेक्ट मैनेजर एवं महाप्रबंधक (प्लांट गैरेज) श्री बी. डी. बाबू तथा प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर एवं महाप्रबंधक (प्लांट गैरेज) श्री प्रदीप्त भौमिक, पीपीएंडई विभाग की एमएम-आईपीएम टीम तथा प्लांट गैरेज विभाग की पूरी टीम द्वारा रिकॉर्ड समय में खरीद प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए किए गए उत्कृष्ट प्रयासों की विशेष रूप से सराहना की।

कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती ने प्लांट गैरेज टीम के समन्वित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन टीमों के प्रभावी समन्वय एवं सतत प्रयासों से इन महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की खरीद प्रक्रिया समयबद्ध एवं सुचारु रूप से पूरी हो सकी।

कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री प्रबीर कुमार सरकार ने कहा कि संयंत्र की बढ़ती परिचालन आवश्यकताओं को पूरा करने तथा विस्तार परियोजनाओं को प्रभावी समर्थन प्रदान करने के लिए आधुनिक उपकरणों का समावेश महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपकरणों की समयबद्ध कमीशनिंग सुनिश्चित करने में प्लांट गैरेज टीम की सराहना की।

कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार ने कहा कि विश्वसनीय एवं आधुनिक उपकरण सुचारु दैनिक परिचालन की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि नए उपकरण रखरखाव एवं सामग्री प्रबंधन की क्षमताओं को बढ़ाने के साथ-साथ कर्मचारियों के लिए अधिक सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एमएंडयू) श्री बी. के. बेहेरा ने प्लांट के उपकरण बेड़े के रखरखाव एवं आधुनिकीकरण में प्लांट गैरेज टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन नए उपकरणों के शामिल होने से परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी तथा कर्मचारियों के लिए अधिक सुरक्षित कार्य वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।

नए आरटी क्रेन एवं मैन लिफ्टर आधुनिक तकनीक से लैस हैं तथा बेहतर लिफ्टिंग एवं रीच क्षमता के साथ उच्च परिचालन दक्षता प्रदान करेंगे। वहीं, टाटा विंगर पैसेंजर वैन पर्यावरण प्रबंधन विभाग की फील्ड एवं परिवहन संबंधी आवश्यकताओं के लिए सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करेगी। आरटी क्रेन की इन-हाउस उपलब्धता से कॉन्ट्रैक्चुअल क्रेन पर निर्भरता कम होगी, जिससे अनुबंधित व्यय में कमी के साथ-साथ महत्वपूर्ण रखरखाव एवं शटडाउन कार्यों के दौरान क्रेन की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी और कार्यों का निष्पादन अधिक तेजी से होगा। संयंत्र की परिचालन क्षमता सुदृढ़ होने के साथ-साथ लागत में कमी और वित्तीय बचत भी सुनिश्चित होगी।