Home छत्तीसगढ़ भिलाई इस्पात संयंत्र में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह

भिलाई इस्पात संयंत्र में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह

3
0

निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र ने किया ध्वजारोहण

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मेनगेट परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य ध्वजारोहण समारोह में सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र ने प्रातः 9ः00 बजे ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। ध्वजारोहण के पश्चात सामूहिक राष्ट्रगान के साथ ही कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निदेशक प्रभारी श्री महापात्र द्वारा आसमान में तिरंगे गुब्बारे छोड़कर शांति एवं भाईचारे का संदेश दिया गया।

समारोह के दौरान सीआईएसएफ के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र एवं कमांडेंट (सीआईएसएफ) श्री कुंवर बहादुर ने परेड का निरीक्षण किया। परेड में सीआईएसएफ के जवानों के विभिन्न प्लाटूनों के साथ महिला सीआईएसएफ कर्मियों, फायर एंड सेफ्टी कर्मियों तथा एनसीसी (आर्मी एवं एयर विंग) कैडेट्स और गाइड्स ने भाग लिया। बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल-7, बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल-10 एवं भिलाई विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी परेड में सहभागिता की। इसके पश्चात बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई। समारोह में श्री महापात्र ने कार्यपालक निदेशकों एवं अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ परेड में शामिल विभिन्न प्लाटूनों के प्लाटून कमांडरों एवं अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर कमांडेंट (सीआईएसएफ) श्री कुंवर बहादुर, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री अजय कुमार चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (प्रोजेक्ट्स) श्री प्रबीर कुमार सरकार, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (खदान), श्री कमल भास्कर तथा चेयरमैन, सेफी एवं अध्यक्ष, ओए-बीएसपी, श्री एन. के. बंछोर सहित मुख्य महाप्रबंधक, महाप्रबंधक, ओए एवं यूनियन प्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, संयंत्र कर्मी तथा बीएसपी विद्यालयों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर निदेशक प्रभारी (सेल-बीएसपी) श्री चित्त रंजन महापात्र ने भिलाई इस्पात संयंत्र बिरादरी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि राजनीतिक स्वतंत्रता को आर्थिक मजबूती, औद्योगिक क्षमता, तकनीकी आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक प्रगति के साथ सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में भिलाई इस्पात संयंत्र के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि संयंत्र द्वारा उत्पादित इस्पात रेलवे, अधोसंरचना, रक्षा, विद्युत तथा अन्य रणनीतिक क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।