Home छत्तीसगढ़ सुकमा में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न

सुकमा में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न

11
0

जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में 80 वां स्वतंत्रता दिवस अपार हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने कलेक्टर अमित कुमार और पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के साथ परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान आकाश में शांति के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए तथा राष्ट्रगान के साथ हर्ष फायर किया गया। समारोह का विशेष आकर्षण कोटवारों की टुकड़ी रही, जिसने पहली बार जवानों के साथ परेड में हिस्सा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश पढ़ते हुए स्वतंत्रता सेनानियों एवं छत्तीसगढ़ के जननायकों को नमन किया। उन्होंने कहा कि बस्तर अब माओवाद से मुक्त होकर तिरंगा यात्राओं के जरिए स्वतंत्रता का उत्सव मना रहा है। डबल इंजन सरकार “नियद नेल्ला नार 2.0” और “बस्तर मुन्ने अभियान” के तहत 39 लाख से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। सुदूर क्षेत्रों में बंद पड़े स्कूलों को पुनः शुरू करने के साथ ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीद परिवारों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए।

प्रतियोगिताओं में सीनियर विंग परेड में प्रथम स्थान सीआरपीएफ,द्वितीय जिला महिला पुलिस बल और तृतीय डीआरजी रहा। जूनियर विंग परेड में प्रथम आईएमएसटी स्कूल,द्वितीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय और तृतीय पीएमश्री बालक स्कूल रहा। इसी तरह सांस्कृतिक प्रस्तुतियां में प्रथम कस्तूरबा गांधी विद्यालय सुकमा, द्वितीय व तृतीय पोटाकेबिन स्कूल सुकमा रहा।

कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।