बीएसपी में नई श्रम संहिताओं एवं श्रमिक कल्याण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भिलाई /
भिलाई इस्पात संयंत्र में नई श्रम संहिताओं एवं श्रमिक कल्याण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान एचएमएस यूनियन से संबद्ध भिलाई श्रमिक सभा ने पूरी दमदारी के साथ ठेका श्रमिकों का पक्ष रखा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विजय बघेल सांसद दुर्ग थे। विशिष्ट अतिथि श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की त्रिसदस्यीय टीम जिसका नेतृत्व डॉ. पी के जेना निदेशक (श्रम सुधार) श्रम एवं रोजगार मंत्रालय संजय कुमार तिवारी अपर सचिव एलआरसी तथा ओ.पी. सिंह श्रम कल्याण आयुक्त मुख्यालय पीएमयूएलआरसी बी. सी. नायक उप श्रमायुक्त (केंद्रीय) अखिलेश राय क्षेत्रीय श्रमायुक्त (केंद्रीय) पी. के. दीक्षित सहायक श्रमायुक्त (केंद्रीय) गौरव डोगरा ईपीएफओ एनके धीरेन्द्र पटनायक उप निदेशक ईएसआईसी मनीष कुंजाम उप निदेशक औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा श्रीमती पायल शर्मा सहायक श्रमायुक्त दुर्ग के साथ ही अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन से हुआ। स्वागत उद्बोधन संजय द्विवेदी महाप्रबंधक प्रभारी मानव संसाधन ने दिया। कार्यपालक निदेशक रावघाट अरुण कुमार ने उपस्थित जनों को संबोधित किया। डॉ पीके जेना ने संक्षेप में चारों कानून के तुलनात्मक अध्ययन को समझाया। विभिन्न यूनियन के प्रतिनिधियों द्वारा अपने प्रश्न कमेटी के समक्ष रखे गए। उपस्थित कर्मचारियों ने भी अपनी जिज्ञासा व्यक्त की और कमेटी द्वारा यथासंभव सभी प्रश्नों का जवाब देने का प्रयास किया गया। इसी कार्यक्रम में भिलाई श्रमिक सभा यूनियन ( एचएमएस ) से भिलाई श्रमिक सभा के महासचिव डीके सिंह और उपमहासचिव अनिल कुमार जैन, उपस्थित रहे।
महासचिव डीके सिंह ने अपनी बात रखते हुए कहा कि जो भी कानून बने उसे धरातल पर लागू करवाया जाना सबसे ज्यादा जरूरी है। जो मिनिमम वेतन तय हो वो श्रमिकों के जेब में जाने के बाद वापस न निकले ये सबसे ज्यादा जरूरी है। आज भी ठेकेदार अपनी मनमानी कर श्रमिकों का शोषण कर रहे हैं। जो भी ठेका श्रमिक अपने ठेकेदार की शिकायत यूनियन या प्रबंधन तक पहुंचाता है, उसे ठेकेदार काम से निकालने कुछ भी गलत आरोप लगा गेटपास छीन लेने की धमकी देते हैं। इसकी जानकारी प्रबंधन तक पहुंचाने पर वो भी अपनी मजबूरी बताते हैं कि काम पर रखना और निकालना ठेकेदार के ही अधिकार क्षेत्र में है। इस स्थिति में मजदूर कहां जाए, इस पर श्रम कल्याण आयुक्त (मुख्यालय) पीएमयू,एलआरसी ओपी सिंह ने माना कि यह समस्या सिर्फ भिलाई इस्पात संयंत्र में ही नहीं पूरे देश में है। इस समस्या का समाधान सिर्फ यूनियन को मजबूत कर व श्रमिकों को एकजुट और जागरूक करने से ही संभव है। कार्यक्रम के अंत में राजीव कुमार महाप्रबंधक एचआर एवं सीएलसी ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया। उपस्थित सभी यूनियन के प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। आप सब के सहयोग से यह कार्यक्रम सफल हो पाया। कार्यक्रम का संचालन सुश्री नवनीता चौहान सहायक प्रबंधक मानव संसाधन ने किया।



