Home छत्तीसगढ़ सेल के निदेशक (वाणिज्यिक) श्री टी.एन. नटराजन ने किया भिलाई इस्पात संयंत्र...

सेल के निदेशक (वाणिज्यिक) श्री टी.एन. नटराजन ने किया भिलाई इस्पात संयंत्र का दौरा

5
0

सेल के निदेशक (वाणिज्यिक) श्री टी.एन. नटराजन ने 22 अगस्त 2026 को सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र का दौरा कर प्रमुख उत्पादन इकाइयों के परिचालन प्रदर्शन की समीक्षा की। इस दौरान वायर रॉड मिल एवं यूनिवर्सल रेल मिल में उत्पादकता सुधार पर विशेष जोर दिया गया। निदेशक प्रभारी (सेल-बीएसपी) श्री चित्तरंजन महापात्र ने श्री नटराजन का स्वागत किया तथा सेल के निदेशक (वाणिज्य) का पदभार ग्रहण करने के पश्चात उनकी पहली भिलाई यात्रा पर उनका अभिनंदन किया।

सेफ्टी एक्सीलेंस सेंटर में श्री टी.एन. नटराजन को संयंत्र भ्रमण के दौरान पालन किए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा निर्देशों एवं सावधानियों से अवगत कराया गया। इसके पश्चात उन्होंने कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वायर रॉड मिल एवं यूनिवर्सल रेल मिल का दौरा कर मिल की प्रचालन गतिविधियों का जायजा लिया। संबंधित मिलों में मुख्य महाप्रबंधक (एमडब्ल्यूआरएम एवं बीआरएम) श्री योगेश शास्त्री एवं मुख्य महाप्रबंधक (यूआरएम) श्री शिशिर शुक्ला ने श्री नटराजन का स्वागत किया और संबंधित इकाइयों के संचालन के बारे में जानकारी दी।

दौरे के अंतर्गत सेक्टर-10 स्थित ओवरहेड वाटर टैंक के समीप आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में निदेशक (वाणिज्यिक), सेल श्री टी.एन. नटराजन ने पौधारोपण किया। कार्यक्रम में निदेशक प्रभारी (सेल-बीएसपी) श्री चित्तरंजन महापात्र सहित कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए.के. चक्रवर्ती; कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम; कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार; कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएँ) श्री पी.के. सरकार; कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार; कार्यपालक निदेशक (खदान) श्री कमल भास्कर एवं कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार उपस्थित रहे। इस अवसर पर टाउन सर्विसेज विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, संयंत्रकर्मी तथा बीएसपी स्कूलों के विद्यार्थी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और पौधारोपण कर वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया।

भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा किए जा रहे वृक्षारोपण कार्यों की सराहना करते हुए श्री टी.एन. नटराजन ने कहा कि उपजाऊ एवं प्रदूषणमुक्त मिट्टी, स्वच्छ वायु, स्वच्छ पेयजल और अच्छा स्वास्थ्य ही जीवन की वास्तविक संपदा हैं। उन्होंने कहा कि भिलाई हरित एवं प्रचुर प्राकृतिक संपदा से समृद्ध है। उन्होंने इन प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि अन्य लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

निदेशक प्रभारी श्री चित्तरंजन महापात्र ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा प्रत्येक वर्ष संयंत्र के परिचालन क्षेत्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में करीब एक लाख पौधे रोपे जाते हैं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण संयंत्र के परिचालन एवं आवासीय क्षेत्रों की हरियाली को बनाए रखने और उसे निरंतर समृद्ध करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का अभिन्न हिस्सा है।

इसके पश्चात निदेशक (वाणिज्यिक), सेल श्री टी.एन. नटराजन ने इस्पात भवन में वरिष्ठ प्रबंधन के साथ उच्चस्तरीय मिल्स कलेक्टिव बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में निदेशक प्रभारी (सेल-बीएसपी) श्री चित्तरंजन महापात्र के साथ कार्यपालक निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक तथा बीएसपी के मिल्स एरिया के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान श्री नटराजन ने प्रबंधन टीम को महत्वपूर्ण सुझाव एवं रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान किया।

विस्तृत समीक्षा के दौरान श्री टी.एन. नटराजन ने शीर्ष प्रबंधन के साथ व्यापक चर्चा की तथा सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रदर्शन की समग्र समीक्षा की, जिसमें एमडब्ल्यूआरएम एवं यूआरएम पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने उपलब्ध संभावनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

श्री टी.एन. नटराजन ने प्रत्यक्ष डिस्पैच में वृद्धि, परिचालन दक्षता एवं बिक्री प्रदर्शन में सुधार तथा उत्पादकता में निरंतर वृद्धि पर विशेष जोर देते हुए इन क्षेत्रों में लगातार ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

निदेशक प्रभारी श्री चित्तरंजन महापात्र ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र से संगठन की अपेक्षाएं काफी अधिक हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संयंत्र का समूचा कार्यबल संगठन के लक्ष्यों एवं अपेक्षाओं की पूर्ति के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेगा।