Home छत्तीसगढ़ रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल में शिरोमणि पुरस्कार समारोह आयोजित

रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल में शिरोमणि पुरस्कार समारोह आयोजित

5
0

भिलाई इस्पात संयंत्र के रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल में शिरोमणि पुरस्कार योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय कार्य निष्पादन के लिए चार कर्मियों को शिरोमणि पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार अपने कार्यक्षेत्र में नवाचार, संसाधनों के बेहतर उपयोग, संगठनात्मक उद्देश्यों की प्राप्ति तथा सुरक्षा मानकों के अनुरूप उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले कर्मठ एवं सृजनशील कार्मिकों को प्रोत्साहित करने और उनके योगदान को विशेष पहचान प्रदान करने के उद्देश्य से दिया जाता है।

समारोह में जूनियर इंजीनियर श्री प्रकाश चन्द्र पटेल, जूनियर इंजीनियर एसोसिएट श्री लक्ष्मीकांत प्रसाद, इंजीनियर एसोसिएट श्री राजेश शर्मा एवं जूनियर इंजीनियर एसोसिएट श्री श्याम लाल को शिरोमणि पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्य महाप्रबंधक (आरएसएम) श्री टी. दस्तीदार ने चयनित कर्मियों को स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र, उनके जीवनसाथी हेतु प्रशंसा-पत्र तथा मिठाई का कूपन देकर सम्मानित किया गया। श्री दस्तीदार ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी कर्मियों को बधाई देते हुए उनके समर्पण, कर्मठता एवं उल्लेखनीय योगदान की सराहना की तथा उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री एन. के. खरे, श्री आर. के. राजधर, श्री अरविन्द टंडन, श्री प्रशांत खोंड, श्री एम. के. साहू, श्री दुर्जती सिन्हा एवं उप महाप्रबंधक श्री सुनील कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित थे।

पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मियों ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि शिरोमणि पुरस्कार जैसे सम्मान से उनका मनोबल बढ़ा है और उन्हें अपने कार्यक्षेत्र में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने इस सम्मान के लिए प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री अनुराधा साहा; सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री इतवारी राम चेलक; अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी श्री जसबीर सिंह; श्री राजेश बाबू एवं श्री भुवन लाल साहू का उल्लेखनीय योगदान रहा।