Home छत्तीसगढ़ जर्जर एवं अनफिट बीएसपी आवासों को खाली करने की अपील

जर्जर एवं अनफिट बीएसपी आवासों को खाली करने की अपील

6
0

भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने भिलाई टाउनशिप स्थित जर्जर एवं अनफिट भवनों से उत्पन्न होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए अनफिट घोषित बीएसपी आवासों में निवासरत रहवासियों/अवैध कब्जाधारियों से इन आवासों को शीघ्र खाली करने की अपील की है। बीएसपी प्रबंधन द्वारा ऐसे आवासों को निवास की दृष्टि से अयोग्य एवं जोखिमपूर्ण घोषित किया गया है। समय के साथ संरचनात्मक रूप से कमजोर हो चुके इन आवासों में बारिश के दौरान जोखिम और बढ़ जाता है। इन भवनों की वर्तमान स्थिति को देखते हुए इनमें निवास करना रहवासियों एवं उनके परिवारजनों की सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम उत्पन्न कर सकता है, जैसा हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में हुई दुर्घटनाओं से भी विदित होता है।

बीएसपी टाउनशिप में आवासों पर अवैध कब्जे की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर सेवाएं विभाग के प्रवर्तन अनुभाग द्वारा अवैध कब्जाधारियों एवं भू-माफियाओं के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। टाउनशिप को अवैध कब्जों एवं अनाधिकृत अतिक्रमण से मुक्त कराने की दिशा में प्रवर्तन अनुभाग द्वारा व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई है।

बीएसपी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि अनफिट एवं जर्जर घोषित आवासों में निवास करना सुरक्षित नहीं है। इसलिए ऐसे आवासों में निवासरत रहवासियों/अवैध कब्जाधारियों से अपील है कि वे अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवासों को खाली कर दें। इससे संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के साथ-साथ संबंधित आवासों के संबंध में प्रबंधन द्वारा की जाने वाली आवश्यक कार्रवाई को भी सुचारु रूप से संपादित किया जा सकेगा। बीएसपी प्रबंधन का यह प्रयास टाउनशिप में सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आवासीय वातावरण सुनिश्चित करने तथा जर्जर एवं जोखिमपूर्ण भवनों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से किया जा रहा है।