Home छत्तीसगढ़ लाइन ऑफ फायर’ पर रील मेकिंग प्रतियोगिता ने दिया रचनात्मक तरीके से...

लाइन ऑफ फायर’ पर रील मेकिंग प्रतियोगिता ने दिया रचनात्मक तरीके से सुरक्षा का संदेश

5
0

पुरस्कार वितरण समारोह में विजेताओं एवं प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

भिलाई इस्पात संयंत्र के बार एवं राड मिल में सुरक्षा जागरूकता को रचनात्मक माध्यम से प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ‘लाइन ऑफ फायर’ विषय पर आयोजित रील मेकिंग प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह 08 सितंबर 2026 को सिक्योर भवन के सभागार में कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार के मुख्य आतिथ्य तथा मुख्य महाप्रबंधक (बीआरएम एवं एमडब्ल्यूआरएम) श्री योगेश शास्त्री की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में श्री योगेश शास्त्री ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रतियोगिता के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रचनात्मक माध्यमों के जरिए सुरक्षा संदेशों को सरल, प्रभावी और सहज रूप से कर्मचारियों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने ‘लाइन ऑफ फायर’ से जुड़े संभावित खतरों के प्रति सजग रहने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षित कार्य व्यवहार को निरंतर अपनाने पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि श्री राकेश कुमार ने अपने संबोधन में सुरक्षा को कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा इसे व्यवहार में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर प्रत्येक कर्मचारी की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा के प्रति सजगता, कर्तव्यबोध और सुरक्षित कार्य व्यवहार के माध्यम से ही दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने सभी कर्मियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा अपने साथियों को भी सुरक्षित कार्य व्यवहार के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। इस अवसर पर श्री राकेश कुमार ने उपस्थित सभी कर्मियों को सुरक्षा शपथ दिलाई।

विभागीय सुरक्षा अधिकारी श्री शशांक शर्मा ने प्रतियोगिता की रूपरेखा एवं आयोजन के उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभागियों द्वारा तैयार की गई रील्स का प्रदर्शन भी किया। रील्स के माध्यम से ‘लाइन ऑफ फायर’ से जुड़े कार्यस्थलीय खतरों एवं उनसे बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा सावधानियों को प्रभावी और रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए श्री अप्पू बेहरा (बीआरएम) ने प्रथम, श्री दीपेश चुघ (डब्ल्यूआरएम) ने द्वितीय तथा श्री प्रखर मिश्रा (बीआरएम) ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को उनकी सहभागिता के लिए स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।

प्रतियोगिता के निर्णायकगण सहायक महाप्रबंधक (जनसंपर्क) श्री जवाहर बाजपेयी, सहायक महाप्रबंधक (एसईडी) श्री शोवन घोष एवं सहायक महाप्रबंधक (एचआर) श्रीमती हर्षल अग्रवाल को भी उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री सुनील कुमार सोनी ने किया तथा श्री आशीष ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बीआरएम, मर्चेंट मिल एवं वायर राड मिल के अधिकारी, कर्मचारी तथा ठेका श्रमिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।