रायपुर.
कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर दोबारा गिरफ्तार होगा। रविवार को रिमांड कोर्ट से जमानत मिलने के बाद पुलिस ने सीजेएम कोर्ट में पुन: गिरफ्तारी की अनुमति मांगी थी। पुलिस की ओर से रखी गई दलीलों और उन्हीं आधारों को देखते हुए कोर्ट ने शोएब ढेबर की पुन: गिरफ्तारी की अनुमति दे दी है।
मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर उन्हें तथा उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पर कार्रवाई की थी। धमकी देने वाले ने खुद को अमन साव और लारेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था। पुलिस की जांच में जांजगीर-चांपा के एक युवक की भूमिका सामने आई थी। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर शोएब ढेबर का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की थी।



