Home छत्तीसगढ़ जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष के संकल्प के साथ जिले में...

जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष के संकल्प के साथ जिले में निकली सेवा ज्योति यात्रा

2
0

सेवा संकल्प अभियान के तहत मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में जिला स्तरीय ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन स्वामी आत्मानंद विद्यालय परिसर से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेते हुए सेवा, समर्पण, जनभागीदारी तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणजनों एवं नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्रीयगान के साथ किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पूर्व गृह मंत्री राम सेवक पैकरा, भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह, बाबूलाल अग्रवाल  सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना से आगे बढ़ने का आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणजनों से सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के लिए ‘सबका प्रयास’ को बताया महत्वपूर्ण

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम से आभासी माध्यम से ‘विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति’ कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने जनसेवा के 25 वर्षों के सफर को देशवासियों के विश्वास, कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनता के सहयोग से जुड़ा बताया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद से अब तक के सफर में उन्हें अनेक लोगों और घटनाओं से सीखने का अवसर मिला। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सफलता ने विनम्रता, कठिनाइयों ने संघर्ष और आलोचनाओं ने आत्ममंथन करना सिखाया। उन्होंने कहा कि हर संकट ने धैर्य की परीक्षा ली और हर उपलब्धि ने बड़े लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दिया।

प्रधानमंत्री ने ‘सबका प्रयास’ को विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने देशवासियों के विश्वास और कार्यकर्ताओं के परिश्रम को अपनी शक्ति बताया तथा भारत के लोकतंत्र और संविधान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने सेवा ज्योति यात्रा में शामिल नागरिकों का अभिनंदन करते हुए सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और सामूहिक प्रयास के साथ विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

तीन मार्गों से निकली सेवा ज्योति यात्रा

प्रधानमंत्री के संबोधन के पश्चात सेवा ज्योति यात्रा को तीन अलग-अलग मार्गों से आगे बढ़ाया गया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने स्वामी आत्मानंद विद्यालय प्रांगण से शहीद भगत सिंह चौक होते हुए पीडब्ल्यूडी चौक तक यात्रा में सहभागिता की।

इसी क्रम में पूर्व गृह मंत्री राम सेवक पैकरा एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वामी आत्मानंद विद्यालय प्रांगण से होटल हसदेव इन होते हुए पीडब्ल्यूडी चौक तक यात्रा में सहभागिता की। वहीं भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वामी आत्मानंद विद्यालय प्रांगण से बीएस मार्ट होते हुए पीडब्ल्यूडी चौक तक यात्रा में सहभागिता की।

तीनों मार्गों से निकली यात्राएं पीडब्ल्यूडी चौक पर पहुंचीं। यहां उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने एकजुट होकर वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में चम्पादेवी पावले, अनिल केसरवानी, लखनलाल श्रीवास्तव, प्रदीप सलूजा, रामनरेश राय, संतोष सिंह, प्रतिमा यादव, धर्मेन्द्र पटवा, विरेन्द्र सिंह राणा, कौशल पटेल, रीमा यादव, अभिषेक पाण्डेय, राजकुमार बधावन, संजय राय, आशीष सिंह, गौरी सिंह, सरोज यादव, रामलाल साहू, द्वारिका जायसवाल, आशीष मजूमदार, प्रवीण सिंह, हीरालाल यादव, पवन शुक्ला, सोनमती उरें, सुशील सिंह, फलेन्द्र कुमार चेरवा, जमुना पाण्डेय, मनोज जैन, आनन्द गुप्ता, रमेष यादव, रामकृष्ण कुर्रे, रामचरित्र द्विवेदी, जवाहर, अरविन्द्र अग्रवाल, मनोज केशरवानी, रामाशंकर सिंह, यशवंती सिंह, जानकी बाई कुसरो, ज्योति गुप्ता, श्यामबाई मरकाम, विरेन्द्र सिंह करियाम, हीरालाल मौर्य, प्रदीप सिंह, नरेश यादव, मनोज गुप्ता, मुनीम सिंह, धीरज कुमार मौर्य, बबीता सिंह, रोहित वर्मा, धरमपाल सिंह एवं पुरूषोत्तम सोनकर सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।