‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन एमसीबी के सहयोग से शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मनेंद्रगढ़ के प्रांगण में आज जिला स्तरीय ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडला’ का भव्य आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. श्राबनी चक्रवर्ती के कुशल संरक्षण एवं मार्गदर्शन में महाविद्यालयीन स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं के अथक प्रयासों से तैयार की गई 76×76 फीट आकार की विशाल गोलाकार रंगोली ने पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना दिया। विविध आकर्षक रंगों से सजी इस भव्य कलाकृति में भारत सरकार की विभिन्न दूरदर्शी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को कलात्मक ढंग से प्रदर्शित कर योजनाओं के माध्यम से देश के विकास और जनसेवा की तस्वीर को जीवंत स्वरूप दिया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दोपहर 12 बजे छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया। इस अवसर पर भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र की विधायक रेणुका सिंह, छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा, चंपा देवी पावले तथा जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शुभारंभ के पश्चात विशाल रंगोली को आम जनता के अवलोकनार्थ खोला गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्यजन उपस्थित हुए।
रंगों में दिखी जनकल्याणकारी योजनाओं की तस्वीर
76×76 फीट की इस विशाल गोलाकार कलाकृति को तैयार करने में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ ने निरंतर मेहनत की। रंगों के आकर्षक संयोजन और रचनात्मक प्रस्तुति के माध्यम से भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास की अवधारणा को रंगोली के रूप में प्रदर्शित किया गया। यह विशाल कलाकृति न केवल कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन रही, बल्कि जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और सेवा, विकास तथा राष्ट्र निर्माण के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का माध्यम भी बनी।
विशाल मानव चक्र में गूंजा ‘विकसित भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संकल्प
कार्यक्रम का सबसे विशेष आकर्षण विशाल रंगोली के चारों ओर बनाया गया मानव चक्र रहा। उपस्थित अतिथियों, छात्र-छात्राओं एवं विशाल जनसमूह ने एकजुट होकर रंगोली के चारों ओर विशाल मानव चक्र का निर्माण किया। इस दौरान सभी ने ‘विकसित भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार करने तथा राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने का सामूहिक ‘सेवा संकल्प’ लिया।
सामूहिक संकल्प के दौरान पूरा महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से गूंज उठा। छात्र-छात्राओं और उपस्थित नागरिकों में उत्साह का वातावरण दिखाई दिया और पूरा परिसर राष्ट्र सेवा, एकता एवं विकसित भारत के संकल्प से सराबोर नजर आया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सेवा भाव को आगे बढ़ाने का आह्वान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि आज का दिन देश के इतिहास में महत्वपूर्ण है। उसके 25 वर्ष पूर्ण हुए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव और विकसित भारत के संकल्प को स्मरण करते हुए उपस्थित जनसमूह से देश की प्रगति में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। स्वास्थ्य मंत्री ने महाविद्यालय परिवार द्वारा तैयार की गई विशाल एवं रचनात्मक रंगोली की सराहना करते हुए इस अनूठी पहल के लिए महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां युवाओं को राष्ट्र निर्माण, जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों की रही सहभागिता
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष प्रतिमा यादव, नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह राणा सहित जनभागीदारी समिति के सदस्यगण, नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ के पार्षदगण, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण, महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
महाविद्यालय परिवार ने आयोजन को सफल बनाने के लिए उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, नागरिकों, पत्रकारों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
तीन चरणों में आयोजित हुआ रंगोली राष्ट्र/भारत मंडला
उल्लेखनीय है कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडला’ का आयोजन एमसीबी जिले में तीन चरणों में किया गया। प्रथम चरण में जिले के प्रत्येक शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में रंगोली राष्ट्र का आयोजन किया गया। इसके बाद द्वितीय चरण में विकासखंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित हुए, जिसमें 17×17 फीट आकार की ‘रंगोली राष्ट्र’ तैयार की गई।
इसी श्रृंखला के तृतीय चरण में आज जिला स्तरीय आयोजन शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मनेंद्रगढ़ परिसर में किया गया। यहां 76×76 फीट की विशाल रंगोली के माध्यम से कला, जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रसेवा, एकता और विकसित भारत की परिकल्पना को एक ही मंच पर साकार किया गया। इस आयोजन ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के संदेश को रचनात्मक एवं जनभागीदारी पूर्ण स्वरूप प्रदान किया।



