Home छत्तीसगढ़ हथियारबंद नक्सली खत्म, अब दिमागी नक्सलियों से लड़ना होगा…

हथियारबंद नक्सली खत्म, अब दिमागी नक्सलियों से लड़ना होगा…

6
0

बस्तर.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार दिवाली छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षाबलों के जवानों के साथ मनाई। यह लगातार 13वां मौका है, जब उन्होंने देश के किसी दुर्गम या सीमावर्ती इलाके में तैनात जवानों के बीच पर्व मनाया। कोबरा ऑपरेशंस बेस पहुंचकर उन्होंने सीआरपीएफ जवानों को मिठाई खिलाई और त्योहार की बधाई दी।

जवानों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर की यह पहली दिवाली है। उन्होंने कहा कि यहां तैनात हर जवान उनके परिवार का हिस्सा है। प्रधानमंत्री के मुताबिक बस्तर से नक्सली आतंक समाप्त हो चुका है और अब यहां विकास का दौर शुरू हो गया है। करीब 42 मिनट के संबोधन में उन्होंने जवानों के साहस की सराहना की।

पीएम ने रविवार को कहा कि नक्सलवाद का खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। उनके अनुसार जंगलों में हथियार लेकर घूमने वाले नक्सलियों का सफाया हो चुका है, लेकिन अब वैचारिक स्तर पर सक्रिय “दिमागी नक्सलियों” से निपटना होगा। उन्होंने दावा किया कि ऐसे लोग कई राजनीतिक संगठनों में घुसपैठ कर चुके हैं और लोगों को संविधान तथा लोकतंत्र के खिलाफ भड़का रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनकी पहचान कर इनके नेटवर्क को खत्म करना होगा।

प्रधानमंत्री इससे पहले 12 बार अलग-अलग सीमावर्ती क्षेत्रों में जाकर जवानों के साथ दिवाली मना चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा तीन बार वे जम्मू-कश्मीर पहुंचे, जबकि हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में वे दो-दो बार जा चुके हैं।