Home छत्तीसगढ़ फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का किया गया प्रारंभिक प्रकाशन

फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का किया गया प्रारंभिक प्रकाशन

4
0

18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर, ऑनलाइन भी कर सकेंगे आवेदन
ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे भी कर सकते हैं आवेदन

उत्तर बस्तर कांकेर, 12 नवंबर 2026

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हो गया है। इसके तहत जिले के सभी 767 मतदान केन्द्रों में 12 नवंबर 2026 (गुरुवार) को निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन कर दिया गया है।
प्रकाशन की तिथि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक सभी मतदान केन्द्रों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा नियुक्त अभिहित अधिकारियों के माध्यम से मतदाताओं से दावा-आपत्ति प्राप्त की जाएगी। इस अवधि में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवा एवं ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे संबंधित मतदान केन्द्र के अभिहित अधिकारी अथवा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से निर्धारित प्रारूप-6 में आवेदन प्रस्तुत कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं।
इसी प्रकार मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि सुधार अथवा विवरण में संशोधन के लिए प्रारूप-8 तथा नाम विलोपन के लिए प्रारूप-7 में आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है। पात्र नागरिक भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट  https://voters.eci.gov.in/  के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र नागरिकों एवं विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपने नाम की जांच कर लें तथा आवश्यकतानुसार आवेदन प्रस्तुत कर मतदाता सूची को अद्यतन कराने में सहभागिता निभाएं।